श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन में मुकामी,मुखिया महंतों कर रहे संत परंपरा का ह्रास:स्वामी शिवानंद
हरिद्वार, 8 नवंबर । श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महामंडलेश्वर स्वामी शिवानंद महाराज ने श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन को बचाने के लिए सभी भेष के संतों को आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मुकामी,मुखिया महंतों व श्री महंतों की मनमानी को रोककर अखाड़े व संत की परम्पराओं को बचाना होगा। संत परम्परा का ह्रास हो रहा है।
यह बात श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महामंडलेश्वर स्वामी शिवानंद महाराज ने शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत यह बातें कही। इस दौरान स्वामी शिवानंद महाराज ने कहा कि अखाड़ा उदासीन सम्प्रदाय के सरंक्षण व संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करता आ रहा था, किन्तु कुछ वर्षों में धन लोलुप, लालची व षडयंत्रकारी कालनेमियों ने अखाड़े में प्रवेश कर परम्पराओं के उलट मनमानी कर रहे हैं। मुकामी महंत उदण्ड हो गए हैं। कुछ इस्तीफा देकर चले गए और कुछ शेष हैं। मुखिया मंहत दुर्गादास फूट डालो और राज करो की नीति पर चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महंत रघुमुनि महाराज ने अखाड़े के नियम विरूद्ध कार्य किया,जिस कारण से उन्हें हटा दिया गया और उन्होंने इसके खिलाफ स्टे ले लिया। बावजूद उनके स्थान पर नए महंत की नियुक्ति असंवैधानिक है। अखाड़े के संतों की प्राईवेट सम्पत्ति पर कब्जा करना भी इनकी फितरत हो गई है। विगत 12 जुलाई को मुनि मण्डल आश्रम के म.म. स्वामी आनन्द राघव महाराज के उत्तराधिकारी की चादर विधि में महंत गंगादास, सुर्यांश मुनि,जयेन्द्र मुनि, चन्द्रमा दास समेत सात लोगों ने विवाद खड़ा किया। जिस कारण से सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जयेन्द्र मुनि ने 53 करोड़ की संस्था की जमीन को बेच दिया, जिसके खिलाफ मुकदमा विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि गगा दास ने शौकीदास आश्रम पर कब्जा कर लिया, जबकि उसके असली वारिश महंत त्रिवेणी दास महाराज हैं। इतना ही नहीं मुखिया महंत दुर्गादास ने एक व्यक्ति को बिना बहुमत के पॉवर आफॅ अटर्नी दे दी। कुछ लोग अखाड़े में गुण्डागर्दी पर उतारू हैं। दूसरे की सम्पत्तियों पर कब्जा करते हैं और विरोध करने पर उसे अखाड़े से वहिष्कृत कर दिया जाता है, जबकि अखाड़े से वहिष्कृत करने का किसी को भी अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि जो साधु अखाड़े के चार साधुओं को नहीं जोड़ पा रहे हैं वह समाज का क्या भला करेंगे। कोठारी महंत मोहन दास के लापता होने के पीछे भी अखाड़े के संतों की साजिश है। अखाड़े के सम्पत्तियों को खुर्द-बुर्द करने के कारण कई राज्यों में मुकदमें चल रहे हैं। आलम यह है कि यदि कोई संत इन कालनेमियों के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे बदनाम करने के लिए इन्होंने जो वैश्याएं रखी हुई हैं, उनके माध्यम से मुकदमें दर्ज करवाकर उसको अपमानित करने का कार्य करते हैं।
स्वामी दयानद मुनि महाराज ने भी अखाड़े के कुछ संतों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। साथ ही सभी संतों से अखाड़े के परम्पराओं को बचाने के लिए आगे आने की अपील की।
–