मप्रः मैहर-चित्रकूट में आज से शुरू होगी पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा
सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बताया कि निर्धारित सेक्टर के शेडयूल के अनुसार सप्ताह में दो दिन सोमवार, मंगलवार को मैहर और चित्रकूट के लिए पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का संचालन होगा। जबलपुर से प्रातः 8 बजे से उड़ान प्रारंभ होकर 9 बजे मैहर पहुचेगी। मैहर में 9.10 बजे रवाना होकर 9.40 बजे चित्रकूट पहुचेगी। चित्रकूट से उसी दिन 9.50 बजे रवाना होकर 10.20 बजे मैहर और मैहर से 10.30 बजे रवाना होकर 11.30 बजे जबलपुर वापस पहुचेगी। हेलीकॉप्टर में 6 व्यक्ति सवार हो सकेंगे। मैहर से चित्रकूट का किराया 2500 रुपये, मैहर से जबलपुर का किराया 5000 रुपये और चित्रकूट से जबलपुर का किराया 7500 रुपये प्रति व्यक्ति होगा। यात्रा के लिए https//www.flyola.in और https//airirctc.co.in/flyola पर विजिट कर टिकट बुक कराई जा सकती है।
मैहर जिले में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा और सतना जिले के चित्रकूट में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का आज पहले दिन उत्साहपूर्वक परंपरागत स्वागत किया जायेगा। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने चित्रकूट और कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने मैहर में हेली पर्यटन सेवा के सुचारू संचालन के संबंध में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। मैहर में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का संचालन सर्किट हाउस मंदिर रोड के पीछे स्थापित हेलीपैड और सतना जिले के चित्रकूट में आरोग्यधाम स्थित हेलीपैड से किया जायेगा। सतना और मैहर जिले में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अब नियमित संचालन होने से मध्य प्रदेश के पर्यटन को एक नई दिशा मिलेगी।