News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

सोनीपत:गीता का प्रकाश जीवन, कर्तव्य और चरित्र का शाश्वत मार्गदर्शक: बडौली

मोहनलाल बड़ौली ने बतौर मुख्य अतिथि किया सेमिनार का शुभारंभ

-गीता सेमिनार में

सभी वक्ताओं ने दिया श्रीमद्भगवद्गीता की आवश्यकता पर बल

सोनीपत, 30 नवंबर । जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह के दूसरे दिन रविवार को धर्म,

ज्ञान और जीवन मूल्यों पर केंद्रित सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का शुभारंभ

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों,

विद्वानों और आध्यात्मिक वक्ताओं ने गीता के महत्व पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।

मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि गीता का प्रकाश जीवन, कर्तव्य और

चरित्र का शाश्वत मार्गदर्शन करता है। गीता किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण

मानवता के लिए पथप्रदर्शक है। खेती, व्यापार, शिक्षा, खेल या सामाजिक जीवन-हर क्षेत्र

में यह मनुष्य को कर्तव्य, साहस, सत्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा

देती है। उन्होंने कहा कि गीता के कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग की शिक्षाएं आज के

तनावपूर्ण समय में भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि गीता

को केवल धार्मिक ग्रंथ न मानकर जीवन प्रबंधन और नेतृत्व कौशल का आधार बनाएं।

विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि गीता भारत की सनातन संस्कृति

और आध्यात्मिक मूल्यों की अमर धरोहर है। उन्होंने कहा कि यह ग्रंथ मनुष्य को निराशा

से आशा और भ्रम से स्पष्टता की ओर ले जाता है। श्रीकृष्ण का जीवन संदेश विज्ञान, पर्यावरण

संरक्षण और आदर्श जीवन के सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत करता है।

मुख्य वक्ता स्वामी 1008 दयानंद सरस्वति महाराज ने कहा कि

गीता उत्सव का विषय मात्र नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला प्रेरक ग्रंथ है। उन्होंने

कहा कि इसे पढ़ने या सुनने के साथ-साथ व्यवहार में धारण करना आवश्यक है।

ब्रह्मकुमारी बहन प्रमोद ने कहा कि गीता सभी क्षेत्रों में

मार्गदर्शन का शाश्वत स्रोत है। यह त्वरित चमत्कार नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, आत्मचिंतन

और कर्मयोग पर आधारित जीवनपद्धति सिखाती है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति साधना और संकल्प

के साथ जीना चाहता है, वही गीता का सार समझ सकता है। ब्रह्मकुमारी बहन सारिका ने कहा

कि अर्जुन केवल इतिहास का पात्र नहीं, बल्कि हर वह व्यक्ति अर्जुन है जो धर्म, कर्तव्य

और सत्य के मार्ग पर चलता है। आत्म-परिचय और आत्मस्थिति को गीता मोक्ष का प्रथम द्वार

बताती है।

इस मौके पर नगराधीश डॉ. अनमोल, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक

भारद्वाज, महामंत्री तरूण देवीदास, आजाद नेहरा, चेयरमेन निशांत छौक्कर, डीआईपीआरओ राकेश

गौतम, अधीक्षक नरेन्द्र दहिया, जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव गौरव रामकरण, आरती, रितू

गिल, प्रवीण वर्मा, बीआर आहुजा, रविन्द्र सरोहा, अशोक खत्री, संजय सिंगला, मंजीत, जगत

सिंह, आचार्य वेद निष्ठ आदि सामाजिक व धार्मिक

संस्थाओं के प्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply