बैजनाथ में आधी रात को धू-धूकर जली एचआरटीसी और सीटीयू की बसें, जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि पांच दिन पहले ही उसी जगह के पास एक कार में भी आग लग गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिकफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आगजनी की इस घटना में एक बस हिमाचल पथ परिवहन निगम नगरोटा बगवां डिपो की है। जबकि एक बस चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की हैं। ये बसें रोजाना की तरह बैजनाथ के मंडी रोड में पठानकोट मंडी नेशनल हाईवे के किनारे रात को खड़ी की गई थी।
यहां रोजाना हरियाणा रोडवेज, हिमाचल पथ परिवहन निगम, सीटीयू और पंजाब रोडवेज की कई बसें खड़ी होती है। रात करीब एक बजे बसों में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली। इसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और कई लोग पहुंचे। आग लगने से दोनों बसें अंदर से पूरी तरह से जल गई है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आग लगने के पीछे क्या बजह रही और इसके पीछे कौन शरारती तत्व हैं इसका पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे।