News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

हिमाचल की तरह बिहार में भी गारंटियों के नाम पर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस : जयराम ठाकुर

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस नेताओं ने झूठे वादे कर जनता से जनादेश चुराया और अब वही नेता बिहार में भी जाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हिमाचल के मुख्यमंत्री ने बिहार में जाकर न केवल पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए, बल्कि भाजपा सरकार की योजनाओं को भी अपना बताने का प्रयास किया। ठाकुर ने तंज कसा कि मुख्यमंत्री अब कांग्रेस की गारंटियों के ब्रांड एम्बेसडर बन चुके हैं, लेकिन हिमाचल से लेकर बिहार तक लोग अब कांग्रेस के झूठ का फैक्ट चेक कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में बिना किसी गारंटी के जनता के लिए गृहिणी सुविधा योजना, 125 यूनिट फ्री बिजली, महिलाओं को बसों में आधा किराया, ग्रामीण क्षेत्रों में मुफ्त पानी, हिमकेयर, सहारा, शगुन, स्वावलंबन, बेटी है अनमोल और कन्यादान जैसी कई योजनाएं लागू कीं। कोविड-19 के कठिन दौर में भी सरकार ने किसी कर्मचारी का वेतन नहीं काटा, जबकि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने उसी समय सेवाभाव से काम करने वालों को बेरोजगार कर दिया। ठाकुर ने कहा कि सरकार गारंटियों से नहीं, नीयत से चलती है और मौजूदा सरकार की नीयत में खोट है।

पत्रकारों के सवालों के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज करने के मामलों में सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि जंगली मुर्गा मामले में सरकार ने पत्रकारों पर कार्रवाई कर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया है।

पर्यावरण संरक्षण पर उन्होंने कहा कि हिमाचल में आपदाओं का स्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए दीर्घकालीन योजनाओं पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर हिमाचल की आपदा पर व्यापक अध्ययन का आग्रह किया, जिसके तहत एक मल्टी सेक्टोरल टीम गठित की गई है।

धारा 118 में ढील पर उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल के हितों को बेचने पर आमादा है और इसके पीछे एक संगठित रैकेट सक्रिय है। साथ ही, उन्होंने राज्य में बढ़ते नशे, अवैध खनन और माफिया गतिविधियों को सत्ता-प्रेरित बताते हुए इसे हिमाचल की संस्कृति के लिए खतरनाक करार दिया।

Leave a Reply