News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

रायगढ़: गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व पर निकाली गई भव्य नगर कीर्तन

प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर पंज प्यारे की अगुआई में साेमवार शाम 6 बजे जंजघर से भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सिख समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए। भजन-कीर्तन, आतिशबाजी और गुरु नानक देव के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय बन गया।

युवा श्रद्धालुओं ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर करतब दिखाकर सभी का मन मोह लिया। शहरवासियों ने भी जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया। यात्रा गौशाला रोड स्थित मंगलम परिसर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

गुरु सिंह सभा के सचिव हर्षपाल सिंह बग्गा ने बताया कि, आज 4 नवंबर को रात 8 बजे से 10:30 बजे तक मंगलम में विशेष कीर्तन दीवान का आयोजन होगा। इसमें पटियाला की सुप्रसिद्ध भजन गायिका बीबी जसप्रीत कौर और भाई दीपक सिंह हजूरी रागी जत्था (रायगढ़) अपने सुमधुर भजन-कीर्तन की प्रस्तुति देंगे।

5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक भव्य कीर्तन समागम आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे से गुरु का अटूट लंगर प्रारंभ होगा, जो अनवरत चलता रहेगा। इसके साथ ही रात 9:45 बजे से 12:30 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान होगा।

प्रकाश पर्व के सफल आयोजन में गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा के अध्यक्ष महेंदर सिंह राजपाल, उपाध्यक्ष प्रीतपाल सिंह मल्होत्रा, गुरुपाल भल्ला, सतपाल सिंह बग्गा, गुरविंदर घई, अमरजीत बाधवा, तरनजीत सिंह, हरमीत घई, स्त्री सत्संग प्रमुख बीबी नीरा छाबड़ा, सचिव हर्षपाल सिंह बग्गा सहित सिख समाज के सभी सदस्य तन-मन से जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply