उरई मेडिकल कॉलेज – डॉक्टराें पर महिला की डिलीवरी में लापरवाही और रिश्वत मांगने के आरोप, डीएम कराएंगे जांच
कमल सिंह की पत्नी कामिनी की एक अक्टूबर 2025 को सामान्य डिलीवरी हुई थी, लेकिन इसके बाद भी डॉक्टरों ने रुपयाें की मांग की। कामिनी के पति कमल का आरोप है कि डॉक्टराें ने डिलीवरी के समय महिला के पेट में गलत चीरा लगाया था, जिससे उसकी पत्नी की हालत गंभीर हो गई। सुविधा शुल्क के नाम पर भी 2,500 रुपये जबरन वसूले गए। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज से रेफर कर दिया गया और बाद में ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टराें की वजह से पत्नी कामिनी की जान खतरे में आ गई।
रविवार को पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी काे इस प्रकरण की जानकारी देते हुए डॉक्टराें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। वहीं जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।