News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

डुप्लीकेट मतदाता सूची के सत्यापन में बरेली नंबर-1, 3.94 लाख मतदाताओं की जांच समय से पहले पूरी

बरेली, 24 नवंबर । त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच बरेली जनपद ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जा रहे वृहद पुनरीक्षण अभियान के तहत डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और विलोपन की कार्रवाई में बरेली पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची में कुल 3,94,886 नाम शामिल थे। इनका सत्यापन उप जिलाधिकारी, एईआरओ, तहसीलदार, बीडीओ और नोडल अधिकारियों की निगरानी में बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे से किया गया। आयोग ने 24 नवंबर तक फीडिंग पूरी करने के निर्देश दिए थे, जिसे बाद में 10 दिसंबर तक बढ़ाया गया, लेकिन बरेली ने तय समय से पहले ही 23 नवंबर 2025 को पूरा काम निपटा दिया।

डीएम अविनाश सिंह ने स्वयं उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, बीडीओ और एडीएम के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। वीआरसी ऑपरेटरों की समस्याएं दूर करने के लिए संसाधन बढ़ाए गए और नोडल अधिकारी तैनात किए गए। डीएम और एडीएम (वि./रा.) ने वीआरसी में औचक निरीक्षण कर फीडिंग कार्य की गति बढ़ाई।

जांच में 3,06,790 मतदाता सही पाए गए, जबकि 88,196 मतदाता डुप्लीकेट मिले, जिन्हें सूची से विलोपित कर दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन के लिए शीर्ष तीन बीएलओ को क्रमशः 10 हजार, 8 हजार और 6 हजार रुपए के पुरस्कार की घोषणा की गई। इससे बीएलओ में प्रतिस्पर्धा बढ़ी और कार्य समय से पहले पूरा हो सका। जिलाधिकारी ने प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सभी एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ, वीआरसी ऑपरेटरों और जिला निर्वाचन कार्यालय की टीम को सराहा।

Leave a Reply