सिलेंडर ब्लास्ट में जिंदा जला व्यापारी
ब्लास्ट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को व्यापारी शंकर सैनी (28) दुकान से करीब 20 फीट दूर मिला। हॉस्पिटल में उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि व्यापारी की मौत दुकान में ही हो गई थी। दुकान के पास रहने वाले नरेंद्र सैनी ने बताया कि रात 2 बजे एक तेज धमाके से पूरी कॉलोनी दहल गई। बाहर आकर देखा तो गली के बाहर स्थित हार्डवेयर की दुकान से आग की लपटें उठ रहीं थी। धमका इतना तेज था कि आसपास की दुकान के कांच टूट गए। दुकान का शटर 60 फीट दूर होटल के पास जाकर गिरा।
पुलिस ने बताया कि आशंका है कि धमाके के बाद आग दुकान में रखे पेंट या थिनर के कारण आग ज्यादा तेज हो गई। हार्डवेयर शॉप में फैली आग की चपेट में एक बुक शॉप भी आ गई। उसमें भी काफी नुकसान हुआ है। थाना अधिकारी ने बताया कि शव को खेतड़ी के अजीत अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।