सिंगरा में सड़क हादसा, चैनपुर अंचल के नजीर राकेश कुमार की मौत
मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा में हुए सड़क हादसे में चैनपुर अंचल के नजीर राकेश कुमार की मौत हो गई। उनकी पत्नी को भी चोट आई है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि वे खतरे से बाहर हैं। दोनों पति-पत्नी चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय आवास से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना जा रहे थे। इसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रही कार से उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी राकेश को इलाज के लिए मेदिनी रॉय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर सह चैनपुर के अंचलाधिकारी अमरदीप बल्होत्रा, सदर थाना प्रभारी लालजी एवं अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
सभी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
अंचल नाजिर पिछले चार साल से चैनपुर में कार्यरत थे। कर्मियों ने बताया कि वे काफी मृदुभाषी और मिलनसार थे। उनके निधन से काफी मर्माहत हैं। सदर थाना प्रभारी लाल ने बताया कि घटना गुरुवार दोपहर 2 बजे हुई। कार को जब कर लिया गया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।