राजद कार्यकर्ताओं के असंतोष पर भाजपा का तंज, कहा- सूत न कपास जुलाहों में लट्ठम-लट्ठा
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि परिवारवाद यहां कुर्सीवाद में उलझ गया है। किडनी देने वाली बेटी का भी तिरस्कार हो रहा है। मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन होगा, किसको कहां से सीट मिलेगी, इसको लेकर पार्टी और इंडी गठबंधन में महाभारत चल रहा है। कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं में असंतोष जगजाहिर है। शिवराज सिंह ने पूरा विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार बिहार में रिकॉर्डतोड़ बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही है, लेकिन वहां राजद के अंदर लड़ाई देख कर लगता है कि सूत न कपास जुलाहों में लट्ठम-लट्ठा।
शिवराज सिंह ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राहुल गांधी की कुंठा देश में नहीं, विदेश में निकल रही है। वो अपरिपक्व हैं, जो विदेशों में जाकर देश को बदनाम करने का पाप और अपराध कर रहे हैं, जो देश को दुनिया में बदनाम करते हैं, जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करती।