News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

दशहरा विवाद पर हिंदू रक्षा मंच का आरोप, प्रशासन की लापरवाही से भड़का मामला, 10 नवंबर को कुल्लू में होगा विशाल धरना

कमल गौतम ने कहा कि तहसीलदार ने देव समाज के प्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें धमकाया और अपने पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि तहसीलदार का यह बयान तुम लोगों और तुम्हारे देवता को अंदर डाल दूंगा अस्वीकार्य और असंवेदनशील है। गौतम ने यह भी स्पष्ट किया कि तहसीलदार के साथ जो बाद में हुआ वह भी अनुचित था, परंतु पूरा विवाद प्रशासन की निष्क्रियता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि हिंदू रक्षा मंच ने तहसीलदार और देव समाज के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन और सरकार ने कोई ठोस पहल नहीं की। उल्टा, तहसीलदार की शिकायत पर देवता से जुड़े लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई, जबकि दूसरी ओर की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

गौतम ने आरोप लगाया कि तहसीलदार द्वारा एससी-एसटी एक्ट का सहारा लेना उनकी दुर्भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है और इसमें स्थानीय विधायक भी जिम्मेदार हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि हिंदू रक्षा मंच तहसीलदार के विरुद्ध पूरे प्रदेश में पुलिस में शिकायतें दर्ज करवाएगा। संगठन ने ऐलान किया कि 10 नवंबर को कुल्लू में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। गौतम ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते न्याय नहीं दिया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply