नारनौल में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस पूरे भारत में पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करने का दिन है। हम देशसेवा में शहीद हुए सभी पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हैं। उनके बलिदान और सेवा को हमेशा याद किया जाएगा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने शहीद सूबे सिंह के पुत्र सतेंद्र को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा शहीद रघुनंदन की पत्नी कृष्णा देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के ‘हॉट स्प्रिंग्स’ में चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिसकर्मियों के शौर्य और बलिदान की याद में मनाया जाता है।