शहडाेल: लोकायुक्त की कार्रवाईः पंचायत सचिव 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
ग्राम पंचायत पोंगरी के उप सरपंच अमृतलाल यादव ने पंचायत में चल रही नल-जल योजना के तहत करीब 2 लाख 37 हजार रुपए के कार्यों का भुगतान कराने के लिए आवेदन दिया था। पंचायत सचिव मंगलेश्वर मिश्रा ने भुगतान के बदले 15 हजार रुपए की घूस की मांग की। उप सरपंच की शिकायत पर लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ने बुधवार को पंचायत भवन में छापा मारा, जहां सचिव मिश्रा को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद की और सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ जांच जारी
लोकायुक्त इंस्पेक्टर हेतराम मरावी ने बताया कि नल-जल योजना के कार्यों के भुगतान के एवज में सचिव द्वारा 15 हजार रुपए की रिश्वत ली जा रही थी, जिसे पंचायत भवन में ट्रैप कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ जांच जारी है।