News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम प्रभावी रूप से कार्यरत

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के नेतृत्व में एक समग्र योजना पर अमल शुरू हो चुका है, जिसके तहत प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम प्रभावी रूप से कार्यरत हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 19 अक्टूबर से 1 नवम्बर 2025 के बीच दीपावली के अवसर पर कोटा तथा सवाई माधोपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। साथ ही 8 नवम्बर तक चलने वाली विशेष ट्रेनों के कारण भी यात्री संख्या में इजाफा हो रहा है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मंडल ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी और अब इन व्यवस्थाओं को पूरी तरह से लागू कर दिया गया है।

कोटा मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम अमल में लाए जा चुके हैं। सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों और रेल सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। भीड़भाड़ वाले दिनों में अतिरिक्त टिकट खिड़कियां संचालित की जा रही हैं तथा प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग क्षेत्र और स्वच्छालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है।

स्टेशन परिसरों में आरपीएफ की सहायता से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष तथा वार रूम लगातार सक्रिय हैं। यात्री आवाजाही पर सतत नजर रखने और आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले समय में विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया है।

यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफार्म संबंधी जानकारी उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार दी जा रही है। पूछताछ कार्यालय चौबीसों घंटे चालू हैं। ट्रेनों में विद्युत आपूर्ति, पानी और स्वच्छता की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म परिवर्तन केवल अत्यंत आवश्यकता होने पर ही किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने यात्रियों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान स्टेशन पर समय से पूर्व पहुंचे, अनावश्यक भीड़ से बचें और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक जारी है।

Leave a Reply