News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

बिहार में 68 लाख की हकमारी, अब झारखंड की बारी : पंकज

जयप्रकाश जनता दल के राष्ट्रीय सचिव पंकज मिश्र ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर 68 लाख मतदाताओं का नाम हटा दिया गया है। लेकिन इनमें कितने विदेशी नागरिक थे, यह आयोग ने स्पष्ट नहीं किया है। उन्‍होंने कहा कि इस कडी में अब झारखंड की बारी है। यहां भी ऐसा खेल खेला जा सकता है। उन्होंने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक है और आशंका है कि झारखंड में भी इसी तरह की हकमारी हो सकती है। इसे लेकर झारखंड सरकार को ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है।

मिश्र ने कहा कि जयप्रकाश जनता दल को जनता एक संभावित विकल्प के रूप में देख रही है। पार्टी की तैयारी सभी सीटों पर है।

उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विचारधारा पर आधारित पार्टी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि हमारा द्वार समतामूलक समाज की सोच रखने वाली पार्टियों के लिए खुला है, लेकिन अब तक किसी दल से औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। उन्‍होंने बताया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज सहाय लेंगे।

Leave a Reply