कारागार में निरुद्ध 30 दंपति मना सकेंगे करवा चौथ का व्रत, जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
जेलर संजय शाही ने बताया कि करवा चौथ के अवसर पर जेल में बंदियों की पत्नियों को उनके पतियों से मुलाकात की अनुमति दी जाएगी। जेल परिसर में एक अलग पूजा स्थल सजाया गया है। जहां सुहागिनें पारंपरिक रीति से करवा चौथ की पूजा करेंगी। महिलाओं को मेहंदी, करवा और पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सजावट, प्रकाश व्यवस्था और विशेष भोजन की व्यवस्था की गई है। पूजा के बाद जब चांद निकलेगा, तो व्रत रखने वाली पत्नियां पहली बार जेल परिसर में ही अपने पतियों को देख कर व्रत खोलेंगी। प्रशासन ने सुरक्षा और मर्यादा का पूरा ध्यान रखते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बंदियों और उनके परिवारों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखना है जिससे उनमें सुधार की भावना पैदा हो।