सहकारिता के जरिये बिचौलियों के शोषण से बच सकते हैं किसान : अपर उपायुक्त
यह कार्यशाला सिद्धो-कान्हो कृषि और वनोपज जिला सहकारी संघ लिमिटेड के तत्वावधान में हुई, जिसमें अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला की शुरुआत जिला सहकारिता पदाधिकारी-सह-सचिव और संघ की सचिव आशा टोप्पो ने की। उन्होंने सिडकोफेड की गतिविधियों, उसकी संभावनाओं और गठन के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर मुख्य अतिथि अपर उपायुक्त ने कहा कि सहकारिता सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कृषि और वनोपज क्षेत्र में सिडकोफेड की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारिता के जरिये किसान अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकते हैं और बिचौलियों के शोषण से बच सकते हैं।
कार्यशाला में जिले के सभी एमपीसीएस, एफपीओ और समितियों के सदस्यों को संघ की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही जिले के किसानों और सहकारिता के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया गया। इस दौरान लैम्पस के कम्प्यूटरीकरण, कॉमन सर्विस सेंटर और झारसेवा, पीएमकेएसके, बैंक गारंटी और केसीसी जैसी योजनाओं पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में सभी संबद्ध लैम्पस के प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रबंधक नाबार्ड, जिला कृषि पदाधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग केंद्र, ईफको, झारखंड राज्य सहकारी बैंक, एलडीएम के प्रतिनिधि, सीएससी मैनेजर, आईटी सॉल्यूशन प्रतिनिधि, जिला प्रबंधक एचडीएफसी ईआरजीओ, तकनीकी पदाधिकारी और अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।