राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू, आज छह जिलों में बारिश का अलर्ट
उदयपुर और प्रतापगढ़ के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं जयपुर, टोंक, भीलवाड़ा और अजमेर सहित कुछ जिलों से मानसून पहले ही विदा हो चुका है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस सप्ताह के अंत तक राज्य के शेष हिस्सों से भी मानसून की विदाई हो जाएगी।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों से मानसून विदा हो चुका है तथा आगामी 5-6 दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश की गतिविधियां आगामी 3-4 दिन जारी रहने तथा जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उदयपुर के गोगुंदा में सबसे ज्यादा 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा, उदयपुर के झाड़ोल में 1 मिलीमीटर और प्रतापगढ़ के दलोत में 6 मिलीमीटर वर्षा हुई। सोमवार देर रात डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों में भी हल्के बादल छाए और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 सितंबर से पूरे राज्य में मौसम शुष्क हो जाएगा और अधिकांश शहरों में तेज धूप के साथ तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। राजधानी जयपुर सहित अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, गंगानगर, चूरू, कोटा और चित्तौड़गढ़ जैसे शहरों में पिछले दो दिनों से धूप खिलने और हवा में नमी कम होने के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया गया।
जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी राजस्थान में जैसलमेर का तापमान 37.8 डिग्री, फलोदी का 37.2, बीकानेर का 37 और बाड़मेर का 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार, टोंक के वनस्थली और अलवर में तापमान 36.8 डिग्री, चूरू में 38.7, गंगानगर में 39.7, फतेहपुर में 37.3, करौली में 36.7, दौसा में 36.6, हनुमानगढ़ में 37.7, नागौर में 34.5, कोटा में 35.7, चित्तौड़गढ़ में 35.3 और उदयपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।