News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

डॉक्टर से दुर्व्यवहार मामले में झासा और आईएमए ने दी इमरजेंसी ठप करने की चेतावनी

दोनों संगठनों ने कहा है कि यदि मामले पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जल्द बड़ा आंदोलन किया जाएगा और राज्यभर में इमरजेंसी सेवाएं ठप कर दी जाएंगी।

इसी क्रम में झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन (झासा) की ओर से सोमवार को सदर अस्पताल में आपात बैठक की गई। इसमें डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मियों के साथ हाल के दिनों में लगातार बढ़ रही दुर्व्यवहार की घटनाओं पर चिंता जताई गई। बैठक में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, रजिस्ट्रार हाईकोर्ट, जिला प्रशासन और मीडिया को भी घटना से अवगत कराने का निर्णय लिया गया।

वहीं दूसरी ओर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के राज्य सचिव डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि विगत कुछ दिनों में सरकारी और निजी अस्पतालों में मारपीट की घटनाएं बढ़ी हैं, जो बेहद दुखद हैं। उन्होंने झासा के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करे अन्यथा डॉक्टर और चिकित्साकर्मी उग्र आंदोलन करेंगे।

इधर, सदर अस्पताल में हुई झासा की बैठक में कहा गया कि दुर्गा पूजा जैसे विशेष त्योहार को देखते हुए हड़ताल को अब तक स्थगित रखा गया है। लेकिन दर्ज प्राथमिकी पर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो झासा बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा और इसमें इमरजेंसी सेवाएं भी बाधित हो सकती हैं।

बैठक में मौजूद सभी डॉक्टरों ने एक स्वर में चिकित्सक कर्मियों की सुरक्षा पर चिंता जताई। झासा की ओर से सिविल सर्जन और उपाधीक्षक रांची को समस्याओं और मांगों से अवगत कराया गया।

वहीं अधिकारियों ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

झासा की प्रमुख मांगों में अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के ठोस उपाय, पूरे परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे और प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों की तैनाती शामिल हैं।

बैठक में कई डॉक्टर, चिकित्सा कर्मी और झासा के पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply