News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

बीमारियों से बचाने बच्चों को पिलाई गई विटामिन ए की दवा

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ यूएल कौशिक ने बताया कि यह अभियान 29 अगस्त से 30 सितम्बर तक जिलेभर में चलेगा। अभियान के दौरान लगभग 75 हजार 882 बच्चों को विटामिन “ए” और 80 हजार 345 बच्चों को आयरन फोलिक एसिड सिरप का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी शिशु संरक्षण बूथ तक अवश्य लेकर आएं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डा जेपी दीवान ने जानकारी दी कि अभियान कुल 10 सत्रों में संचालित होगा। प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को आंगनबाड़ी केन्द्रों अथवा स्वास्थ्य केन्द्रों में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक यह गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रतौंधी, बिटॉट स्पॉट, मोतियाबिंद और खून की कमी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम करना है।

शिशु संरक्षण माह के दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन “ए” सिरप प्रत्येक छह माह के अंतराल में पिलाया जाएगा। साथ ही आयरन फोलिक एसिड सिरप का वितरण किया जाएगा। बच्चों का वजन लेकर उनकी पोषण स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को संतुलित आहार और पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी। अति गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती करने की कार्यवाही भी की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।

कार्यक्रम में महेन्द्र पंडित, महेन्द्र खंडेलवाल, लीलू यादव, पार्षद अभय देवांगन, चन्द्रभान साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply