News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा बोले महिला सुरक्षा सात दिन का नहीं, बल्कि जीवनभर का संकल्प

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सुरक्षा सिर्फ सात दिनों का नहीं, बल्कि हमेशा का ही संकल्प है। उन्होंने महिलाओं को शक्ति, सहनशीलता और साहस का प्रतीक बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल सामूहिक प्रयासों और महिला शक्ति के साथ-साथ नौजवानों, आमजन एवं समुदाय के सहयोग से ही वास्तविक बदलाव संभव है।

पुलिस महानिदेशक ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा सबसे ऊपर है और कालिका पेट्रोलिंग, एंटी-रोमियो और निर्भया स्क्वाड जैसी पहलों ने पहले ही सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने जयपुर को देश का दूसरा सबसे सुरक्षित शहर बताते हुए, इसे विश्व का सबसे सुरक्षित शहर बनाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने पुरुषों से भी इस बदलाव का हिस्सा बनने का आह्वान किया और कहा कि असली ताकत महिलाओं को सम्मान देने से आती है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता से मिलने वाले फीडबैक और शिकायतों पर गंभीरता से काम करेगी ताकि जयपुर एक मिसाल बन सके।

इस कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने अतिथियों का स्वागत किया और अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राजस्थान पुलिस द्वारा जयपुर शहर में कानून व्यवस्था कायम व अपराध नियन्त्रण करने हेतु हमेशा प्रयासरत् है। वर्ष 2024, 2025 में अपराधों में काफी गिरावट हुई है। उन्होंने बताया कि बालिका एवं महिलाओं को सशक्त करनेे की दिशा में ’’सशक्त नारी जिम्मेदारी हमारी’’ अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें उन्हें अधिकारों व कानूनों के बारे में जानकारी दी जायेगी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लता मनोज कुमार ने बताया कि महिला सुरक्षा के प्रति जयपुर पुलिस, राजस्थान पुलिस निरन्तर प्रयास किये जा रहे है। इन प्रयासों से हम सबकी भागीदारी से जयपुर शहर देश में द्वितीय नम्बर पर सबसे सुरक्षित शहर है। जयपुर पुलिस, राजस्थान पुलिस, हमारी प्रत्येक महिला पुलिसकर्मी ’’सशक्त नारी जिम्मेदारी हमारी’’ अभियान की एडवायजर बनें।

पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण राशि डोगरा ने ‘‘सशक्त नारी जिम्मेदारी हमारी’’ अभियान के बारे में विस्तार से बताते हुये कहा कि इस अभियान के तहत कई नई और महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं, जो महिलाओं की सुरक्षा को हर स्तर पर सुनिश्चित करेंगी। इस अभियान में अगले सात दिनों महिला पुलिस अधिकारी शहर के विभिन्न जगहों पर जाकर अनेक कार्यक्रम एवं गतिविधियां संचालित करेंगी ।

वॉक एंड टॉक : महिला पुलिस अधिकारी हर गली और मोहल्ले में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगी और उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी। स्कूल, कॉलेज और औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे ताकि महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जा सके। जागरूकता से संबंधित लघु फिल्म, नुक्कड नाटक दिखाया जायेगा।

Leave a Reply