जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जेसीबी लगवाकर कराई सफाई
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जेसीबी लगवाकर कराई सफाई
पूर्वी सिंहभूम, 5 जुलाई (हि.स.)।
शहर में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न जलजमाव और गंदगी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे खुद मैदान में उतर गए। उन्होंने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर तत्काल सफाई अभियान शुरू करवाया।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने शनिवार को शहर के विभिन्न बाढ़ग्रस्त और जलजमाव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। भारी वर्षा के बाद इन इलाकों में कचरा, कुड़ा और गाद बड़े पैमाने पर जमा हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिलाध्यक्ष ने बारीडीह बस्ती, साकची गुरुद्वारा बस्ती, नन्दनगर भुईयाडीह ग्वाला बस्ती और नन्दनगर काली मंदिर एरिया का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले कचरा, कुड़ा और गाद को एक जगह पर एकत्र कराने का निर्देश दिया। इसके बाद सफाई के लिए जेसीबी मशीन लगवाई और बड़ी संख्या में मजदूरों को कार्य में लगाया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी फोन कर अविलंब सफाई सुनिश्चित करने को कहा। दुबे ने कहा कि इन इलाकों में मलबा और कचरा भारी मात्रा में जमा है और यदि समय रहते इसकी सफाई नहीं हुई तो महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।
सफाई के बाद जिलाध्यक्ष के निर्देश पर साफ किए गए क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने राहत मिलने पर उनका धन्यवाद किया। दौरे में कांग्रेस नेता सामंता कुमार, मंडल अध्यक्ष विनोद यादव, एनएसयूआई अध्यक्ष सचिन कुमार सिंह, चन्द्रवती पाल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————