दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
नई दिल्ली, 9 जून (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में पारा एक बार फिर 45 के पार पहुंच गया। सोमवार को आयानगर में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार और मंगलवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की उम्मीद है, जिससे अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति पैदा होगी। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया।
भारत मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग – 43.4 डिग्री सेल्सियस,
पालम – 44.3 डिग्री सेल्सियस,
लोधी रोड- 43.3 डिग्री सेल्सियस,
रिज- 44.9 डिग्री सेल्सियस
आया नगर- 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू की स्थिति बन रही है और रात के तापमान में भी वृद्धि को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में लू और गर्म रात दोनों की स्थिति बनी हुई है, इसलिए ऑरेंज अलर्ट लागू है। इसी तरह पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में बढ़ते तापमान के कारण अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी मध्य प्रदेश में भी लू की स्थिति के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मॉनसून की जहां तक बात है तो दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है, जिसके कारण 12 से 15 जून के दौरान कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश और 13 से 15 जून के दौरान कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। अगले 7 दिनों के दौरान केरल और माहे, कर्नाटक, लक्षद्वीप में अधिकांश कई स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा और 09-13 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, रायलसीमा, तेलंगाना में कई कुछ स्थानों पर हल्की/मध्यम वर्षा के साथ अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बौछारें, बिजली और 30-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम भारत में अगले छह दिन यानी 09-15 जून के दौरान मराठवाड़ा में कुछ छिटपुट स्थानों पर हल्की एवं मध्यम वर्षा के साथ-साथ आंधी, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना। पूर्व और मध्य भारत में अगले 7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। 09-11 जून के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
————