पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-2 जम्मू छावनी में संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय-2 जम्मू छावनी में संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
जम्मू, 20 जून (हि.स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 जम्मू में आज संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इसका आयोजन दिनांक 20/6/2025 से दिनांक 23/6/2025 तक होना सुनिश्चित है।
20-21 जून को बालिका वर्ग हेतु व 22-23 जून को बालक वर्ग हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का निर्धारण किया गया है। जम्मू संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के लगभग 180 प्रतिभागी व अनुरक्षक विद्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। इनमें कुल 42 बालिकाएं तथा 138 बालक विभिन्न प्रतियोगिताओं में आज से अपना दम खम दिखाएंगे।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार यादव ने माता सरस्वती की अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में प्राचार्य द्वारा सभी टीमों व अनुरक्षकों का स्वागत कर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु अग्रिम शुभकामना, आशीष प्रदान कर हौंसला बढ़ाया गया।
इन प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विद्यालय में बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस और रोप स्किपिंग (बालक-बालिका वर्ग, अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19) प्रतियोगिताओं का आयोजन दिनांक 20 से 23 जून तक किया जाएगा। खेल शिक्षिका श्रीमती अर्चना शर्मा द्वारा खेल नियमों संबंधी जानकारी देकर खेल भावना से खेलों हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य सुनील कुमार यादव, उप प्राचार्य अमित कुमार, खेल शिक्षिका श्रीमती अर्चना शर्मा, श्रीमती निर्मल कौर, मुख्याध्यापिका उपस्थित रहे।