News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

राजभवन में राज्यपाल व धर्मपाल सिंह ने अम्बेडकर पार्क में किया योग

राजभवन में राज्यपाल व धर्मपाल सिंह ने अम्बेडकर पार्क में किया योग

लखनऊ,21 जून (हि.स.)। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन,उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रेजीडेंसी व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अम्बेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सभी लोगों के साथ योगाभ्यास किया। भारतीय जनता पार्टी, अनुसूचित मोर्चा द्वारा अम्बेडकर पार्क, लखनऊ में आयोजित योग महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बताया कि इस बार “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम के साथ दुनिया भर में बड़े उत्साह के साथ योग दिवस मनाया जा रहा है। भाजपा की ओर से सभी जिलों में योग के कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि योग का अभ्यास हमें नियमित करना चाहिए। योग हमारे तन व मन को स्वस्थ रखता है। अम्बेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बृजलाल,भाजपा नेता नीरज सिंह,एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल,एमएलसी मुकेश शर्मा और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में अनुसूचित समाज के कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास किया।

रेजीडेंसी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सबके साथ योग किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कियोग तन व मन के बीच सामंजस्य स्थापित करने का ऐसा शाश्वत साधन है, जिसके नियमित अभ्यास से मनुष्य में एक नई आत्म चेतना जाग्रत होती है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में आज योग की पताका पूरे विश्व में शान से लहरा रही है।

आप सभी योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवन शैली का निर्माण करें।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय सेठ, प्रमुख सचिव आलोक कुमार, जिलाधिकारी, लखनऊ विशाख एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply