फायरिंग का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
फायरिंग का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी सिंहभूम, 7 जून (हि.स.)। साकची थाना क्षेत्र में वी टू मॉल के समीप दो गुटों के बीच हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने साकची में 31 मई की रात वी टू मॉल के समीप हुए फायरिंग कांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मानगो निवासी आरिफ अली और आलमगीर खान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। शनिवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक स्कॉर्पियो , एक पिस्तौल और दो जिंदा गोली बरामद की है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि पैसों के लेनदेन को लेकर इनका दानिश गुट से विवाद हुआ था, जिसके चलते यह फायरिंग की घटना हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
—————