झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार और गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार और गिरती कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
पलामू, 24 जून (हि.स.)। झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाओं की विफलता एवं गिरती कानून व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में मंगलवार को पलामू जिले के सभी मंडल स्थल पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय में धरना देने से पहले आक्रोश प्रदर्शन निकाला गया। मेदिनीनगर नगर मंडल, पोलपोल ग्रामीण मंडल, पाटन, पांकी, हुसैनाबाद समेत सभी मंडल स्तर पर धरना दिया गया।
मेदिनीनगर के बैरिया बाजार समिति चौक से आक्रोश प्रदर्शन किया गया। सदर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी शामिल हुए। मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि बालू, कोयला, लोहा और भूमि का खेल हर स्तर पर खेला जा रहा है। सिपाही से मुख्यमंत्री तक कोई जनता की सुनने को तैयार नहीं है। बुजुर्गाे को पेंशन समय पर नहीं मिल रही है।
आवंटन के अभाव में सभी विकास के कार्य ठप्प हैं। सरकार हर स्तर पर जनता का दोहन कर रही है। गाड़ियों का चालान काट कर वसूली करना, बालू, शराब, कोयला, लोहा की कालाबाजारी इस सरकार में चरम पर है। कानून व्यवस्था की स्थिति यह है की पुलिस बालू और वाहन चेकिंग कर उगाही में मस्त है, अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। अपराध का ग्राफ प्रतिदिन बढ़ रहा है।
—————