झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष ने किया ग्रिड स्टेशनों का निरीक्षण
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष ने किया ग्रिड स्टेशनों का निरीक्षण
रांची, 20 जून (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने भारी बारिश के बीच शुक्रवार को राजधानी रांची स्थित ग्रिड स्टेशनों एवं विद्युत आपूर्ति केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत कर्मियों की सुरक्षा, संसाधनों की उपलब्धता और कार्य स्थितियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में बिजली का काम सबसे जोखिम भरा होता है। ऐसे समय में कर्मियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
अध्यक्ष ने कहा कि हमारे विद्युत कर्मी रात-दिन खतरे उठाकर पूरे राज्य को रोशन रखते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सम्मान दोनों हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया कि सभी फील्ड कर्मियों को समय पर रेनकोट, हेलमेट, सेफ्टी ग्लव्स, गमबूट और इंसुलेटेड टूल्स उपलब्ध कराए जाएं।
साथ ही उन्होंने राज्यवासियों को भीगे हुए इलेक्ट्रिकल उपकरणों से दूर रहने की हिदायत दी। कहा कि किसी भी आपात स्थिति में बिजली विभाग को तत्काल सूचना दिया जाए।
अजय राय ने कहा कि झारखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में बिजली की आपूर्ति बाधित है। उन्होंने लाइन फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर डैमेज और पोल गिरने जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं। इन हालात में विद्युतकर्मियों की सुरक्षित ड्यूटी सुनिश्चित कराने पर बल दिया।
—————