फिलिस्तीनी जनता के समर्थन में एकजुटता के लिए बनाई गई मानव श्रृंखला
फिलिस्तीनी जनता के समर्थन में एकजुटता के लिए बनाई गई मानव श्रृंखला
फतेहाबाद, 17 जून (हि.स.)। भारत सरकार स्वतंत्र विदेश नीति की पालना करने की बजाय अमेरिका परस्त नीति अपना रही है जो हमारी साम्राज्यवाद विरोधी परम्परा के खिलाफ है। यह बात मजदूर नेता रामकुमार बहबलपुरिया ने फिलिस्तीन एकजुटता के समर्थन में राष्ट्रव्यापी आह्वान पर फतेहाबाद में जनसंगठनों द्वारा मंगलवार को डीसी दफ्तर पर आयोजित मानव श्रृंखला बनाकर किए गए प्रदर्शन को सम्बोधित करते कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवीलाल एडवोकेट ने की। फिलिस्तीनी जनता के समर्थन में एकजुटता के लिए मानव श्रृंखला में किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन, नागरिक अधिकार मंच, ज्ञान विज्ञान समिति, जनवादी नौजवान सभा, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, सर्व कर्मचारी संघ, जनवादी लेखक संघ, आल इंडिया लायर्स यूनियन, सीटू के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मानव श्रृंखला एवं प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि इजरायली जनसंहारक युद्ध ने फिलिस्तीन में मानवता और इंसानियत की धज्जियां उड़ाते हुए हजारों फिलिस्तीनी लोगों, महिलाओं और बच्चों का बेहरमी से कत्ल कर दिया है। हजारों फिलिस्तीनी बच्चे भूख-प्यास से तड़प रहें हैं और भारत सरकार उस निरंकुश शासक इजरायल को सैन्य सहयोग एवं सुरक्षा प्रदान कर रही है। मानव श्रृंखला में शामिल प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते कहा कि हम गाजा में फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ इजरायली सरकार द्वारा चलाए जा रहे नरसंहारक युद्ध की कड़ी निंदा करते हैं। अब तक गुजरे 20 महीनों के दौरान, इजराइल की लगातार बमबारी और सैन्य आक्रामकता ने 55 हजार से अधिक फिलिस्तीनियों को मार डाला है जिनमें से अधिकांश महिलाएं और बच्चे हैं। प्रदर्शन में रामकुमार बहबलपुरिया, विष्णु दत्त शर्मा, देवीलाल एडवोकेट, पार्षद मोहनलाल नारंग, राजीव सेतिया, मुंशी राम, जोगेंद्र सिंह भ्याना, मास्टर रामदास, हरिचंद कम्बोज, शाहनवाज एडवोकेट, कृष्ण कुमार नैन, मास्टर राजपाल, भगवंत सिंह सेठी, योगेन्द्र सिंह, संदीप महिया, पवन कुमार भूथन, रामनिवास, सुरजीत दुसाद, पृथ्वी सिंह बाना, कर्मवीर, पतराम ढाणी इस्सर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।