नरसिंहपुरः किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए डी- कम्पोस्ट का उपयोग करने की दी सलाह
नरसिंहपुरः किसानों को नरवाई प्रबंधन के लिए डी- कम्पोस्ट का उपयोग करने की दी सलाह
– कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही खेती में नई तकनीक की जानकारी
नरसिहंपुर, 6 जून (हि.स.)। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों को नरवाई प्रबंधन, नई तकनीक आदि की जानकारी देने लगातार जिले की विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर दे रहे हैं। इसी क्रम में अभियान के नौवें दिन शुक्रवार को विकासखंड करेली, चीचली व सांईखेड़ा की ग्राम पंचायतों में पहुंचे दलों ने किसानों से रूबरू चर्चा की और विभिन्न जानकारियों के बारे में अवगत कराया।
अभियान के तहत करेली विकासखंड की ग्राम पंचायत करताज, कपूरी व कंधरापुर, विकासखंड चीचली की ग्राम पंचायत बारहाबड़ा, ग्वारी व इमलिया और सांईखेड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत पीपरपानी, टेकापार व पिपरियाकलां पहुंची। यहां किसानों को कृषि की उन्नत तकनीक, नरवाई प्रबंधन, नवाचार एवं अन्य तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही स्वाइल हेल्थ कार्ड, खेत तालाब योजना, बायोगैस तथा अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, डॉ. विजय सिंह सूर्यवंशी, डॉ. रश्मि ठाकुर, रूचि शर्मा, गन्ना अनुसंधान केन्द्र बोहानी के वैज्ञानिक डॉ. बीके शर्मा, डॉ. आशुतोष शर्मा, कृषि विभाग व आत्मा परियोजना, एलाइड विभागों के अधिकारी- कर्मचारी और कृषक मौजूद थे।
विकासखंड साईंखेड़ा में गन्ना अनुसंधान केन्द्र बोहानी के वैज्ञानिकों ने गन्ने की उन्नत किस्म, अधिक उपज एवं कीट प्रबंधन की जानकारी दी। डॉ. आशुतोष शर्मा ने कृषि वानिकी, सिंचाई की विभिन्न तकनीक, उन्नत तकनीक के बारे में विस्तार से बताया। प्राकृतिक खेती के घटकों जैसे जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रम्हास्त्रम, दशपर्णी अर्क आदि को बनाने की विधि एवं उपयोग के बारे में बताया। गन्ना अनुसंधान केन्द्र बोहानी के वैज्ञानिक डॉ. बीके शर्मा ने गन्ने के साथ अंतरवर्तीय फसल धनिया, लहसुन व धान के उन्नत बीजों का प्रयोग कर अधिक उत्पादन लेने की सलाह दी। डॉ. शर्मा ने किसानों नरवाई प्रबंधन के लिए आग जलाने के स्थान पर बेस्ट डी-कम्पोस्ट का उपयोग करने की सलाह दी। जनप्रतिनिधियों ने किसानों को जैविक खेती/ प्राकृतिक खेती करने की सलाह दी और केन्द्र व राज्य शासन की विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
7 जून को चीचली, करेली एवं सांईखेड़ा विकासखंड की कुल 9 ग्राम पंचायतों में पहुंचेगा दल
अभियान के दसवें दिन 7 जून को चीचली विकासखंड की ग्राम पंचायत सीरेगांव, कठोतिया व सूखाखैरी, करेली विकासखंड की ग्राम पंचायत ग्वारीकलां, रमखिरिया व कोसमखेड़ा और साईंखेड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत बम्होरीकलां, निवारी व गरधा में किसानों के बीच पहुंचेगे। इस दौरान अधिक से अधिक किसानों से उपस्थिति की अपील की गई है।