फरीदाबाद : हत्या से पहले ससुर ने किया था बहू से दुष्कर्म
फरीदाबाद : हत्या से पहले ससुर ने किया था बहू से दुष्कर्म
हत्याकांड में ससुर के साथ-साथ पति व सास भी रही शामिल
फरीदाबाद, 25 जून (हि.स.)। पल्ला क्षेत्र में विवाहिता की हत्या कर शव गड्ढे में दबाने के मामले में पूरी सच्चाई सामने आ गई है। आरोपित ने पुत्रवधू की हत्या करने से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था। उस समय कमरे में उसके अलावा और कोई नहीं था। उसका बेटा ग्राउंड फ्लोर पर बने कमरे में था। इस हत्याकांड के बारे में युवक और उसकी मां को पूरी जानकारी थी। अब क्राइम ब्रांच ने आरोपित ससुर की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ससुर को तीन दिन का रिमांड पूरा होने पर गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा। तीसरा आरोपित पति अभी फरार चल रहा है। पुलिस के अनुसार योजना के तहत ही 15 अप्रैल को मृतका की सास को उत्तर प्रदेश के एटा में भांजी की शादी में भेज दिया गया था। जबकि युवक ने घटना यानी 21 अप्रैल की रात अपनी पत्नी और बहन को खाने में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी थी। बहन ग्राउंड फ्लोर पर बने अपने कमरे में गहरी नींद में सो गई और पत्नी अपने बेडरूम में थी। नींद की गोलियों की वजह से वह बेसुध थी। तय यह था कि ससुर अकेला ही बहू की हत्या करेगा। इसलिए बेटा भूतल पर बने कमरे में चला गया। उधर देर रात ससुर बहू के कमरे में घुसा और चुन्नी से उसका गला घोंटने की तैयारी में था। इस दौरान उसकी नीयत खराब हो गई।
उसने हत्या से पहले बेसुध बहू के साथ दुष्कर्म किया, फिर गला घोंट दिया, लेकिन दुष्कर्म वाली बात उसने बेटे और पत्नी को नहीं बताई थी। कुछ देर बाद बेटे को ऊपर कमरे में बुलाया। दोनों ने शव को सीढ़ियों से नीचे उतारा और पहले से गली में खोदे गए गड्ढे में फेंक दिया। ऊपर से ईंट व मिट्टी डाल दी। गड्ढा भी शव दफनाने के लिए ही खोदा गया था। आसपास के लोगों को बताया कि यह सीवरेज के लिए है। अगले दिन यानी 22 अप्रैल को गली में यह अफवाह फैला दी कि बहू कहीं गायब हो गई है। कई दिन परिवार उसकी तलाश करने का ड्रामा करता रहा। 24 अप्रैल को पल्ला थाने में बहू के गुमशुदा होने की शिकायत भी दी थी।