News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

विपक्षी दलों के शासित राज्‍यों को लेकर केंद्र का नजरिया सही नहीं : सुप्रियो

विपक्षी दलों के शासित राज्‍यों को लेकर केंद्र का नजरिया सही नहीं : सुप्रियो

रांची, 25 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने देश में वर्ष 1975 में कांग्रेस सरकार की ओर से लगाए गए आपातकाल पर कहा कि 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगा था, लेकिन इस बात को समझना होगा कि उस दौर में क्या परिस्थितियां रही होंगी कि सरकार को इतना बड़ा निर्णय लेना पड़ा था।

उन्‍होंने कहा कि मौजूदा समय में सब कुछ जानते हुए कभी नोटबंदी तो कभी कोरोनाकाल की बात पर लोगों को जिस तरह जबरन अघोषित आपातकाल में धकेला जाता है यह जग जाहिर है।

भट्टाचार्य बुधवार को पार्टी के हरमू स्थित कार्यालय में संवाददाता सम्‍मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के शासित राज्यों को लेकर केंद्र सरकार का नजरिया सही नहीं है। भट्टाचार्य ने कहा कि अपना हक और अधिकार मांगने पर या केंद्र के किसी नीति का विरोध करने पर ईडी, सीबीआई, आईटी जैसी जांच एजें‍सियों को लगा दिया जाता है। झारखंड इसका भुक्तभोगी रहा है। उन्होंने कहा कि बिना विवेचना के लोगों को बंदी बना लिया जाता है। केंद्र का मकसद सिर्फ लोगों की आवाजों को बंद कर अपना इवेंट करना होता है। भट्टाचार्य ने कहा कि यह देश लोकतंत्र, संविधान, बाबा, अंबेडकर, बुद्ध, कबीर, गुरु नानक जैसे महान व्यक्तियों के साथ चलेगा न कि गलत लोगों के साथ।

—————

Leave a Reply