भाजपा का नाटक है संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम : आलोक
भाजपा का नाटक है संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम : आलोक
रांची, 25 जून (हि.स.)। राहुल के कार्यक्रमों से डरी भाजपा
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा की ओर से देशभर में आयोजित किए जा रहे संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम की आलोचना की है। उन्होंने इसे राजनीतिक नाटक करार देते हुए कहा कि यह पूरा आयोजन कांग्रेस पर हमला करने के बहाना मात्र है।
उन्होंने कहा कि असल में यह भाजपा सरकार की उस घबराहट को दर्शाता है, जो राहुल गांधी की जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली की सफलता और जनसमर्थन से पैदा हुई है।
दूबे ने कहा कि भाजपा को आपातकाल की याद सिर्फ तब आती है, जब वह अपने असफल शासन से जनता का ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि 50 वर्ष पुराने इतिहास को खोदकर भाजपा आज लोकतंत्र की सबसे बड़ी रक्षक बनने का दावा कर रही है, जबकि आज के भारत में सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र को उसी पार्टी से है जो सत्ता में बैठी है। भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता खतरे में है, पत्रकार जेलों में हैं, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है, संसद में जनप्रतिनिधियों को बोलने नहीं दिया जा रहा और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग चरम पर है। ऐसे में लोकतंत्र की हत्या का असली चेहरा वही है जो सत्ता की कुर्सी पर बैठा है।
—————