मुख्यमंत्री ने 210 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 210 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्रीबोले-क्षेत्र में आर्थिक विकास को मिलेगा बलउत्तरकाशी/पुरोला, 09 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला में 210 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने 35 योजनाओं का लोकार्पण और 20 योजनाओं का शिलान्यास करते हुए कहा कि इनसे क्षेत्र में आर्थिक विकास को बल मिलेगा, कनेक्टिविटी बेहतर होगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि योजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मील का पत्थर साबित होंगी। इस दौरान उन्हाेंने कहा कि इन योजनाओं से उत्तरकाशी जनपद के पुरोला और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुरोला स्थित खेल मैदान के उच्चीकरण, मोरी के देवरा गांव में कर्ण महाराज मंदिर के सुन्दरीकरण, नौगांव में रुद्रेश्वर महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण, नौगांव सामुदायिक स्वास्थ केंद्र का विस्तारीकरण, पुरोला-नौगांव मोटर मार्ग डूकाणा रोड होते हुए मोरी बैंड तक बाईपास का निर्माण एवं मोरी के पट्टी गडूगाड़ के देवजानी ओरा से केदरकांठा तक पर्यटक क्षेत्र के घोषित किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरोला क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य पेयजल, सड़क के क्षेत्र में जो विकास कार्य हुए है, वो क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। जिससे इस क्षेत्र का समेकित विकास होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन और बागवानी के क्षेत्र में अपार संभावनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ हर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पूर्व में की गई घोषणाओं को पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ग्यारह वर्ष का कालखंड सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो रहा है। उन योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से अपराधी मानसिकताओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जा रही है। राज्य में सख्त भू-कानून लागू किया गया है। साथ ही देश में सर्वप्रथम समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड, पहला प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने पूरे क्षेत्र की ओर से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने रंवाई क्षेत्र में अस्पताल के भूमि पूजन और मोरी जखोल मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद अर्पित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस, यूसीसी और सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू जैसे ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
इस अवसर पर विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, पूर्व विधायक माल चंद, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, रामसुंदर नौटियाल, जगत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पुरोला बिहारी लाल शाह, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, एवं अन्य लोग मौजूद थे।
—-