सूरजपुर : विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक शिविर आयोजित
सूरजपुर : विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक शिविर आयोजित
सूरजपुर, 30 मई (हि.स.)। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में आज शुक्रवार को कृषक शिविरों का आयोजन दो पालियों में किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक और आधुनिक कृषि पद्धतियों से अवगत कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और नवीन तकनीकों के प्रति जागरूक करना रहा।
इन शिविरों में विभागीय विशेषज्ञों से मिली महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ कृषि वैज्ञानिक, कृषि सखी, कृषक मित्र, पशु सखी तथा प्रगतिशील कृषकों ने किसानों को मार्गदर्शन दिया गया। किसानों को मिलेट्स (मोटे अनाज) की खेती, फसल चक्र परिवर्तन, प्राकृतिक और जैविक खेती, उन्नत बीज और कृषि यंत्रों का उपयोग, जल संरक्षण, मूल्य संवर्धन, पशुपालन और उद्यानिकी से जुड़ी अत्यंत उपयोगी जानकारी दी गई।
जयनगर शिविर के दौरान कुरुवा के बिगानी बाई, केशवनगर के भवन सिंह, संतलाल, निरंजन और परसापारा के अमर साय व मुनेश्वर को दो-दो बोरी धान बीज का वितरण किया गया। इसके अलावा उद्यानिकी विभाग द्वारा आम और लीची के पौधे तथा कृषि विभाग द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए गए।
इन शिविरों में किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याएं साझा की और वैज्ञानिकों से उनके समाधान प्राप्त किए। साथ ही उन्होंने आधुनिक कृषि के नए तरीकों को अपनाने की भी पहल की। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत इस तरह के शिविर किसानों को आत्मनिर्भर और आधुनिक कृषि के लिए प्रेरित कर रहे हैं।