फतेहाबाद: ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर टोहाना ग्रामीण मंडल ने निकाली तिरंगा यात्रा
फतेहाबाद: ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता पर टोहाना ग्रामीण मंडल ने निकाली तिरंगा यात्रा
फतेहाबाद, 22 मई (हि.स.)। भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिन्दूर की सफलता के उपलक्ष्य में भारत के वीर सैनिकों के शौर्य, पराक्रम व जजबे को सलाम करने के लिए गुरूवार को भाजपा ग्रामीण मंडल टोहाना द्वारा गांव समैण में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
पूर्व मंत्री देवेन्द्र सिंह बबली की अगुवाई में निकाली गई इस यात्रा को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह नजर आया। भारी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगे थामकर इस यात्रा में भाग लिया। तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रवीण गिल समैण ने की। पूर्व मंत्री देवेन्द्र बबली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्पबद्ध होकर देश व देश की सेना को सशक्त बनाने का काम किया है। पीएम ने भारतीय सेनाओं को आतंकवाद के खात्मे के लिए खुली छूट दी। पहलगाम के कायरानापूर्ण आतंकवादी हमले का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद के जनक पाकिस्तान को खुली चेतावनी दी। पाकिस्तान से हर नाते को तोड़ कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक सच्चे देशभक्त व प्रखर प्रधानमंत्री होने का प्रमाण दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने पूरे विश्व को अपना शौर्य दिखाते हुए ऑपरेशन सिन्दूर के तहत पाकिस्तान में आतंकियों के गढ़ को एयर स्ट्राईक से कुछ ही मिनटों में जमींदोज करके भारी संख्या में आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया। ऑपरेशन सिन्दूर की इस सफलता से पूरे देश में सेनाओं के प्रति मान-सम्मान व गौरव और अधिक बढ़ गया है। देशभर की जनता तिरंगा यात्रा निकालकर सेनाओं को सम्मान दे रही है और उनकी बहादुरी को सलाम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना हर मोर्चे पर दुश्मन देश को मुंह तोड़ जबाव देने को तैयार है। यह बात भारत की सेना ने पूरे विश्व को साबित करके दिखायी है। दो दिन के संघर्ष में ही भारत ने पाकिस्तान को घुटनों पर लाकर युद्ध विराम के लिए मजबूर कर दिया। केन्द्र सरकार ने साफ किया है कि पाकिस्तान से अब पीओके व आतंकवाद के अलावा किसी अन्य मुद्दे पर बातचीत नहीं की जाएगी। इस तिरंगा यात्रा में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा, भाजपा नेता महेश शर्मा, जंगजीत हुड्डा, विकास ललौदा, नरेन्द्र नैन, धर्मपाल इन्दाछाई, सुखविन्द्र, रामदेव भारद्वाज, संकेत गर्ग, डॉ. जंगू समैण, डॉ. हिम्मत समैण, नवदीप नांगली सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।