ऑपरेशन सिंदूर की सफलता भारत के स्वाभिमान और संप्रभुता का प्रतीक : आशीष सूद
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता भारत के स्वाभिमान और संप्रभुता का प्रतीक : आशीष सूद
नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। दिल्ली के गृहमंत्री आशीष सूद ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता भारत के स्वाभिमान और संप्रभुता का प्रतीक है। आज आशीष सूद के नेतृत्व में जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के डाबरी पुलिस स्टेशन से लेकर कादिमी मार्केट (सी4जी) तक तिरंगा यात्रा निकली गई। इस दौरान उन्होंने यह बात कही।
तिरंगा यात्रा में जनकपुरी विधानसभा के कई आरडब्लूए, मंदिर समिति, गुरुद्वारा प्रबंधन, मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी से लेकर सामाजिक संगठन से जुड़े नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा झंडा लेकर तिरंगा यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने पूरे रास्ते भारत माता की जय का ऐसा जयघोष किया।
भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा के समापन के बाद आशीष सूद ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना ने अपने बहादुरी और पराक्रम से पाकिस्तान को चारो खाने चित कर दिया है। आज देश ही नहीं पूरी दुनिया के लोग भी जानते हैं कि पाकिस्तान के महाबलपुर, सरगोधा, रावलपिंडी से लेकर लाहौर तक प्रिसीजन के साथ, बिल्कुल सटीक कैलकुलेशन के साथ हमारी सेनाओं ने मिलकर दुश्मन की मिलिट्री एस्टेब्लिशमेंट के साथ ही उनके कई अहम सैन्य ठिकानों को हमेशा के लिए मिट्टी में मिला दिया है। यह सफलता दृढ़ राजनीतिक इच्छा शक्ति रखने वाले हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन के चलते संभव हो सका है। भारतीय सेना ने देश के ऊपर हुए दुश्मन के हमलों का करारा जवाब देकर ऐसा बदला लिया है, जिससे आतंकवाद के आकाओं की रूंह कांप गई है। आज हम सब तिरंगा यात्रा निकाल कर भारतीय सेना की ताकत को सेलिब्रेट कर रहे हैं।
सूद ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के स्वाभिमान और संप्रभुता का प्रतीक है। हमारे वीर जवान जिस निष्ठा और पराक्रम से देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, वह हर नागरिक के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। यह यात्रा उन वीर जवानों को हमारी तरफ से नमन है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक नीति और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव है, जिसने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक नया कीर्तिमान गढ़ा है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत प्रतिक्रिया के साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
सूद ने कहा कि यह यात्रा हमारे उन वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के प्रति एक सामूहिक श्रद्धांजलि है, जो राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर देते हैं। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का जो संकल्प लिया है। हमारे शूरवीरों ने देश की अखंडता की रक्षा करने का जो संकल्प दोहराया है हमारी सरकार उस नीति का समर्थन करती है और तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्र की सुरक्षा में एकजुटता का संदेश देना चाहती है।
—————