राशन विक्रेता कल्याण संघ की हड़ताल एक जून से, चावल उत्सव अधर में अटका
राशन विक्रेता कल्याण संघ की हड़ताल एक जून से, चावल उत्सव अधर में अटका
जगदलपुर, 31 मई (हि.स.)। बस्तर जिले में एक जून से लेकर सात जून तक खाद्य विभाग बारिश को देखते हुए राशन कार्डधारियों को राहत देने के लिए तीन महीने का चावल एक साथ देने की योजना बनाई है। इसके तहत चावल उत्सव मनाए जाने की तैयारी प्रदेश स्तर पर की जा रही है। लेकिन विभाग यह उत्सव मना पाएगा इसको लेकर आशंका बनी हुई है।
अब दबी जुबान अधिकारी भी कह रहे हैं कि, चावल उत्सव तब तक नहीं मनाया जा सकता है, जब तक राशन दुकानदार इसमें शामिल नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले में संचालित पांच एजेंसियों के माध्यम से संचालित राशन दुकानदार अपनी सात सूत्रीय मांग को लेकर जिसमें 1. राज्य शासन, केन्द्र शासन के बराबर कमीशन दें। 2. लंबित बारदाना की राशि 2018 से 2024 तक की दिलाई जाए । 3. ई-पॉस का 21 रुपये कमीशन विक्रेताओं को दिया जाए। 4. ई-पॉस का सर्वर व वर्जन बदला जाए। 5. खाद्यान्न की कटौती का एम2 + पद्वति बंद किया जाए। 6. खाद्यान्न सूखत झड़त 5 प्रतिशत दिया जाए। 7. कमीशन की राशि हर माह दी जाए । उक्त मांग काे लेकर राशन विक्रेता कल्याण संघ एक जून से हड़ताल करने जा रहे हैं।
राशन विक्रेता कल्याण संघ के प्रदेश सह सचिव अजंबर सेठिया ने बताया कि, सरकार और जिला प्रशासन हमारी मांगों का पूरा करने के लिए अब तक कोई कवायद नहीं कर रहे हैं । राशन दुकानदार को हर महीने हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है । इसीलिए हम एक जून से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जा रहे हैं । इस हड़ताल के चलते जिले के लोगों को एक साथ तीन महीने का राशन नहीं मिल पाएगा । कई राशन दुकानदारों ने कहा कि, तीन महीने का चावल का भंडारण तो करवा दिया जाएगा लेकिन इसका वितरण जब तक मांग पूरी नहीं होती, नहीं किया जाएगा।
—————