News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

प्रधानों की समस्याओं के निस्तारण में प्रशासन करेगा सहयाेग : जसजीत कौर

प्रधानों की समस्याओं के निस्तारण में प्रशासन करेगा सहयाेग : जसजीत कौर

बिजनौर ,21 मई (हि.स.) | जिलाधिकारी जसजीत कौर ने ग्राम प्रधानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का जिला प्रशासन पूर्ण गुणवत्ता के साथ निराकरण करने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा धारकों की ओर से ग्राम प्रधान के विरुद्ध फर्जी मुकदमों की जांच कराई जाएगी तथा शिकायत झूठी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान लोकतंत्र की पहली सीढ़ी हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सबको शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी व सफाई की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए ग्राम प्रधान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विगत काफी दिनों से ग्राम प्रधानों की ओर से इस प्रकार की शिकायतें की जा रही है कि उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है, जिस कारण वह अपनी ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को सही प्रकार से संचालित नहीं कर पा रहे हैं।

जिलाधिकारी जसजीत कौर बुधवार पूर्वाह्न कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम प्रधानों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपने विचार व्यक्त कर रही थीं। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सभी ग्राम प्रधानों की समस्याओं के निस्तारण में अपना सहयोग करेगा और उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानों के प्रति गलत शिकायतें दर्ज करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाली शिकायतों की जांच कर अपने स्तर से उनका निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह स्वयं भी कार्यालय से निकलकर गांवों का भ्रमण करें और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्राम प्रधानों का आह्वान करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में स्थापित की गई लाइब्रेरियों को और अधिक क्रियाशील और लाभदायक बनाने के लिए युवा वर्ग को पुस्तकालय में अध्ययन के लिए प्रेरित करने में अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि ग्रामीण बच्चों में बुक रीडिंग और कंपटीशन की तैयारी का माहौल सृजित हो सके। सभी ग्राम प्रधानों से अपील करते हुए कहा कि विदुर ब्रांड के अंतर्गत उत्पादित सामग्री का उपयोग करें और जिले की ब्रांड को सफलता के चरम पर पहुंचने में सहयोग दें।

उन्होंने ग्राम प्रधानों द्वारा ग्रामों में लेखपाल, सचिव एवं सफाई कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत में उनकी उपस्थिति का रोस्टर निर्धारित करें और उनकी शत प्रतिशत उपस्थिति भी सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा बैठक में विकास कार्याे के बेहतर क्रियान्वयन के लिए चर्चा की गई साथ ही प्रधानों और प्रधान प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गये। सभी ग्राम प्रधानों ने जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी दमनप्रीत अरोड़ा, प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं पद अधिकारियों सहित जिले की समस्त ग्राम पंचायतों से आए ग्राम प्रधान मौजूद थे।

——————-

Leave a Reply