News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर फतेहाबाद पुलिस ने आम जनता के लिए जारी की एडवाइजरी

ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर फतेहाबाद पुलिस ने आम जनता के लिए जारी की एडवाइजरी

फतेहाबाद, 9 मई (हि.स.)। भारतीय सेना द्वारा आतंक के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर को ध्यान में रखते हुए, फतेहाबाद पुलिस ने शुक्रवार को आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि भारतीय सेना द्वारा आतंक के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन सिन्दूर को मद्देनजर आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। एसपी ने कहा कि आप सैनिक नहीं हैं, लेकिन राष्ट्र की हिम्मत आप हैं। घबराएँ नहीं, सतर्क रहें, संगठित रहें और सकारात्मक रहें। दूसरी ओर भारत और पाकिस्तान में युद्ध जैसे हालातों के बीच फतेहाबाद पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले की पंजाब बॉर्डर और राजस्थान बॉर्डर से लगती सीमाओं पर पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। एसपी सिद्धांत जैन ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने एरिया में होटलों व धर्मशालाओं में विशेष चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। अजनबी लोगों को भी चेक करने के लिए कहा है। होटल, रेस्टोरेंट व रेस्ट हाउस के मालिकों से मीटिंग करके उन्हें विजिटर व्यक्तियों का पूरा ब्योरा रखने तथा उनके फोटो, पहचान-पत्र आदि का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं। सभी बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, ढाबों आदि पर भी चेकिंग बढ़ाई जा रही है।

हवाई हमलों और अफवाहों के दौर में नागरिक क्या करें

1. ऐसी स्थिति में सबसे पहले जान बचाना प्राथमिकता है

– घर में सबसे सुरक्षित कमरा पहचानें (जहाँ खिड़कियाँ न हों)।

– बाहर हों तो पास के मजबूत ढांचे या निचली जगह में लेट जाएं।

– तत्काल रिकॉर्डिंग या विडियो बनाने के लिए बाहर न दौड़ें।

2. इमरजेंसी किट तैयार रखें

– पहचान पत्र, जरूरी दवाइयाँ, पानी, सूखा खाना, मोबाइल चार्जर, फ्लैशलाइट

– किट एक बैग में रखें जो तुरंत उठाकर निकला जा सके।

3. अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें

– सरकारी ऐप (एनडीएमए), एयर और डीडी न्यूज जैसे विश्वसनीय स्रोतों से ही अपडेट लें।

– व्हाट्सएप, ट्विंटर (एक्स) या फेसबुक पर फैली खबरों की पुष्टि करें।

4. मानसिक संतुलन बनाए रखें

– दिन में 2 बार से ज्यादा खबरें न देखें।

– 4-4-4-4 बॉक्स ब्रीदिंग करें, 4 सेकंड सांस लें, रोकें, बाहर छोड़ें, रोकें, दोहराएं।

– पूजा, प्रार्थना या ध्यान करें।

– बच्चों से डर की बात नहीं, दिनचर्या बनाए रखें (खेल, पढ़ाई, कहानियाँ)।

5. समुदाय के साथ जुड़ें

– पड़ोसियों से संपर्क रखें, बुजुर्गों की सहायता करें।

– कोई भी संदिग्ध चीज दिखे तो पुलिस को सूचित करें, न कि सोशल मीडिया पर डालें।

– फैक्ट-चेक वेबसाइट से सत्यापन करें।

6. याद रखें – हिम्मत शोर नहीं करती, तैयारी करती है

– अपने भीतर डर को जगह न दें, बस तैयारी रखें।

– रोज जीवन की एक चीज पर ध्यान दें जो आपको खुशी देती हो : संगीत, खाना बनाना, किताबें, या बच्चों के साथ समय।

Leave a Reply