फतेहाबाद : पति और सास को नशा देकर नवविवाहिता फरार
फतेहाबाद : पति और सास को नशा देकर नवविवाहिता फरार
चार तोला सोना और दो लाख नकदी ले गई साथफतेहाबाद, 15 मई (हि.स.)। जिले के जाखल क्षेत्र के गांव चूहड़पुर में एक महिला के अपने पति और सास को नशीला पदार्थ खिलाकर फरार होने का मामला सामने आया है। मां-बेटे का उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है। यह घटना गुरुवार अल सुबह की बताई गई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि महिला दो बैग कपड़ों के साथ घर से निकली। परिजनों का आरोप है कि विवाहिता घर से चार तोला सोना और करीब 2 लाख रुपए नकदभी अपने साथ ले गई है। इस बारे सूचना मिलते ही जाखल पुलिस मौके पर पहुंच गई और विवाहिता की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार महिला की शादी करीब दो महीने पहले फतेहाबाद जिले के रतिया खंड के गांव महमद में हुई थी। उसका पति गांव में नाई की दुकान चलाता है। महिला के पिता और छोटा भाई मोहाली में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। सुबह जब परिवार के लोग घर से बाहर नहीं निकले, तो आसपास के लोगों ने पंचायत को सूचित किया। पंचायत ने तुरंत डायल 112 पर कॉल की। पति और सास को पहले जाखल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।