News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

एनसीपी ने मनाया मजदूर अधिकार दिवस, श्रमिकों को किया सम्मानित

एनसीपी ने मनाया मजदूर अधिकार दिवस, श्रमिकों को किया सम्मानित

पूर्वी सिंहभूम, 1 मई (हि.स.)।

पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में गुरुवार को मानगो आजादनगर स्थित एनसीपी पार्टी कार्यालय में मजदूर दिवस के अवसर पर ‘मजदूर अधिकार दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को सम्मानित किया गया और उनके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता डॉ. पवन पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर हुसैन और मोहम्मद रिजवान मौजूद थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि एनसीपी पार्टी देशभर में मजदूर दिवस को मजदूर अधिकार दिवस के रूप में मना रही है, ताकि मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि मजदूरों के शोषण का मुख्य कारण जानकारी का अभाव है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि कई कंपनियां मजदूरों को सरकार द्वारा तय की गई न्यूनतम मजदूरी तक नहीं देती हैं। पीएफ और ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कंपनियां मजदूरों के साथ आंख-मिचौली करती हैं। प्रशिक्षित मजदूरों को भी जानकारी के अभाव में अप्रशिक्षित की दर से मजदूरी दी जाती है।

उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर मजदूरों से 12 घंटे तक काम लिया जाता है लेकिन ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। कुछ कंपनियां घाटा दिखाकर मजदूरों की वार्षिक वेतन वृद्धि रोक देती हैं और स्थायी कर्मियों की जगह अस्थायी मजदूरों को प्राथमिकता देती हैं।

डॉ. पांडेय ने कहा कि जमशेदपुर एक मजदूर प्रधान शहर है, इसलिए यहां विशेष रूप से इस तरह के कार्यक्रमों की जरूरत है ताकि मजदूर अपने अधिकारों को जान सकें और उनका शोषण रोका जा सके।

कार्यक्रम में दुकानों से सामान ढोने वाले मजदूरों और बहुमंजिला इमारतों में दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही पार्टी द्वारा भविष्य में आयोजित किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।

इस अवसर पर तेजपाल सिंह, जितेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र झा, फिरोज अहमद, अकबर खान, इक़बाल खान, अब्दुल जब्बार, शौकत अंसारी, शेख़ अहमद, मोहम्मद शब्बीर सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

—————

Leave a Reply