लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने की ‘जय जवान स्कॉलरशिप’ की घोषणा
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने की ‘जय जवान स्कॉलरशिप’ की घोषणा
नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) ने बुधवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘जय जवान स्कॉलरशिप’ शुरू करने की घोषणा की है।
राज्यसभा सदस्य और एलपीयू के फाउंडर चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने घोषणा कि 2025-2026 और 2026-2027 एजुकेशन सेशन (जुलाई और जनवरी दोनों प्रवेश सहित) में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक सक्रिय रक्षा और अर्धसैनिक कर्मी इस छात्रवृत्ति के लिए योग्य होंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारे बहादुर जवानों के निस्वार्थ समर्पण के लिए हमारा सम्मान है।
उन्होंने कहा कि ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रैजुएट प्रोग्राम्स में ऑनलाइन मोड में दाखिला लेने वाले सभी सक्रिय रक्षा और अर्धसैनिक कर्मियों के लिए सौ फीसद ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। यह पहल विशेष रूप से भारत के 22 लाख सक्रिय रक्षा (सेना, नौसेना और वायु सेना) और अर्धसैनिक बलों के जवानों के लिए बनाई गई है, जिसमें सीआरपीएफ, आईटीबीपी, बीएसएफ और एसएसबी शामिल हैं।
डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी और बलिदान को सम्मानित करने के लिए जितने सेल्यूट दिए जाए कम हैं। यह स्कॉलरशिप सफल ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर राष्ट्रीय स्तर पर महत्व रखती है, जहां हमारे बहादुर कर्मियों ने पहलगाम में नागरिकों के भयानक नरसंहार के जवाब में असाधारण साहस दिखाया। उनकी शानदार और दृढ़ कार्रवाई ने राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित की और एक मजबूत और लचीली ग्लोबल शक्ति के रूप में भारत की स्थिति की पुष्टि की। ये पूरी स्कॉलरशिप एकजुटता की एक ठोस उदाहरण हैं – क्योंकि सच्चा सम्मान शब्दों से आगे बढ़कर कार्रवाई में तब्दील होना चाहिए।
—————