News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश दिल्ली रवाना, सीजफायर और झीरम जैसे मुद्दाें काे लेकर भाजपा पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश दिल्ली रवाना, सीजफायर और झीरम जैसे मुद्दाें काे लेकर भाजपा पर साधा निशाना

रायपुर, 21 मई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश आज बुधवार सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुलावे पर दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में राहुल गांधी के साथ भूपेश बघेल बैठक करेंगे। साथ ही बघेल भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीजफायर और झीरम जैसे मुद्दाें को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा के मंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे आउट ऑफ कंट्रोल हो चुके हैं। भूपेश ने अपने दौरे को लेकर बताया कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का आज शहादत दिवस है, भारत के लिए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है, हम सब नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ आज बैठक है, इसी सिलसिले में दिल्ली जाना हो रहा है।

भारत और पकिस्तान के बीच सीजफायर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी घटना घटी, जिसमें 26 लोगों की जान गई। लेकिन बड़ा सवाल है कि आखिर हमले शामिल वह पांच आतंकी कहां है? बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनको पकड़ने के लिए सेना को क्यों नहीं भेजा और जब हमारी भारतीय सेना ने ऑपरेशन चलाकर बढ़त बना ली थी, तब सीजफायर कर दिया गया। ऐसे में सवाल तो पूछे जाएंगे।

ऑपरेशन सिन्दूर और भारतीय सेना पर मंत्रियों के बयानबाजी से मची खलबली के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि भाजपा के मंत्रियों के मुंह पर कोई कंट्रोल नहीं है। कोई कुछ भी हमारी भारतीय सेना को लेकर बयान दे रहा है।

झीरम पर जांच क्यों नहीं ?

झीरम हत्याकांड पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने सवाल किए हैं। भूपेश ने कहा कि इस गंभीर मामले में हमने एसआईटी का गठन किया, केस एनआईए कोर्ट पहुंचा। हाईकोर्ट ने रोक लगा दी, फिर सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दे दी। शीर्ष न्यायलय की अनुमति के बाद अब राज्य सरकार झीरम हत्याकांड में जांच क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि सरकार एसआईटी गठन करके जांच क्यों नहीं कर रही है? एनआईए की कोर्ट ने गणपति और जिन दूसरे नेताओं से बयान लेने कहा था, अब तक उनसे बयान क्यों नहीं लिया गया?

—————

Leave a Reply