News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फतेहाबाद: सेना का अपमान करने वाले भाजपा के मंत्री को तुरंत गिरफ्तार किया जाए : दौलतपुरिया

फतेहाबाद: सेना का अपमान करने वाले भाजपा के मंत्री को तुरंत गिरफ्तार किया जाए : दौलतपुरिया

फतेहाबाद, 26 मई (हि.स.)। भारतीय सेना पर हमें गर्व है। हर भारतीय को अपनी सेना का सम्मान करना चाहिए लेकिन भाजपा सरकार के मंत्री सेना का अपमान कर रहे हैं। यह बात फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने सोमवार को स्थानीय जाट धर्मशाला में साम्प्रदायिक सद्भाव मंच फतेहाबाद द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमुख शिक्षाविद् सुभाष शर्मा ने की तथा संचालन देवीलाल एडवोकेट ने किया। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया एवं शिक्षाविद् सुभाष शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वतंत्र विदेश नीति का परित्याग कर अमेरिका परस्त नीति अपना ली है, जिसके कारण भारत की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा सरकार उन सवालों का जवाब देने की बजाय समाज में नफरत फैलाने की कुचेष्टा कर रही है। भाजपा और संघ परिवार द्वारा भारतीय सेना, महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ जिस भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, वो सभ्य कहलाए जाने वाले समाज पर कलंक है। विचार गोष्ठी में प्रस्ताव पारित करते हुए मांग की गई कि सेना अधिकारी सोफिया कुरैशी का अपमान करने वाले मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। भाजपा सांसद रामचन्द्र जांगड़ा द्वारा आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों की महिलाओं के बारे में की गई बेहूदा टिप्पणी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि फतेहाबाद जिला हमेशा शान्ति, सद्भाव और आपसी भाईचारा का प्रतीक रहा है लेकिन मौजूदा समय में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने जनता के तमाम न्यायप्रिय, प्रगतिशील, अमनपसंद नागरिकों से एकता और भाईचारे की मजबूती का आह्वान करते हुए साम्प्रदायिक सद्भाव मंच फतेहाबाद का गठन किया गया। इसमें प्रमुख शिक्षाविद् सुभाष शर्मा को संयोजक और दुष्यंत शर्मा व देवीलाल एडवोकेट को सहसंयोजक बनाया गया। विचार गोष्ठी में मोहनलाल नारंग पार्षद, किसान नेता कल्याण सिंह, रामकुमार बहबलपुरिया, हरबंस सिंह, राजीव सेतिया, जसबीर सिंह भ्याना, खजान सिंह एडवोकेट, शाहनवाज एडवोकेट, सलीम सैयद, दुष्यंत शर्मा, बेगराज, पवन शर्मा, सुभाष सैनी, केदार सिंह, भगवंत सिंह सेठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Leave a Reply