नालों से 30 मई तक गाद निकालने का दिल्ली सरकार का दावा खोखला : देवेंद्र यादव
नालों से 30 मई तक गाद निकालने का दिल्ली सरकार का दावा खोखला : देवेंद्र यादव
नई दिल्ली, 4 मई (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली सरकार के तीस मई तक नालों से गाद निकालने के दावे को खोखला बताया है।
उन्होंने रविवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि बिन मौसम बारिश में पूरी तरह दिल्ली के डूबने के बाद जागे दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा का कहना कि हम 30 मई तक नालों से गाद निकालने का काम पूरा कर लेंगे। यह पूरी तरह से खोखली बयानबाजी है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री द्वारा गाद निकालने के वादों को पूरा करने के लिए अभी तक जमीनी स्तर पर काम शुरू ही नहीं हुआ है। इसी वजह से बेमौसम बारिश से दिल्ली हर तरफ डूबी दिखाई दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मजनू का टीला और पीडब्ल्यूडी मंत्री गोल्फ लिंक जैसी पॉश कालोनी का निरीक्षण किया। लेकिन यह भी चिंताजनक है कि जब एनडीएमसी क्षेत्र में जलभराव से लोगों को जूझना पड़ा तो पूर्वी दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर पूर्वी, उत्तर पश्चिमी व दक्षिणी दिल्ली की जेजे कॉलोनी और अनाधिकृत कालोनियों व सड़कों पर जल भराव का क्या हाल होगा।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली में ट्रिपल इंजन की सरकार और उपराज्यपाल के सहयोग से भाजपा के शासन में भी विकास सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहने वाला है। क्योंकि दिल्ली की हर गली, हर नाली, हर सड़क की सफाई और नालों से गाद निकालने के नाम पर सिर्फ घोषणा हो रही हैं।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जब भाजपा की सरकार यह जानती है कि पिछले 11 वर्षों से हर वर्ष मानसून के दौरान दिल्ली को जलभराव से जूझना पड़ रहा है, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने नालों और नालियों की सफाई और गाद निकालने का काम सिर्फ कागजों में किया था। तब भाजपा सत्ता में आने के बाद दिल्ली के नालों से गाद निकालने का काम क्यों नहीं कर रही है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि मानसून के दौरान अगर आम आदमी पार्टी के शासन का इतिहास दोहराया जाता है तो भाजपा की नाकामी जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो जाएगी।
—————