News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने इथियोपियाई प्रतिनिधिमंडल से संवाद करते हुए साझा परंपराओं का किया उल्लेख

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने इथियोपियाई प्रतिनिधिमंडल से संवाद करते हुए साझा परंपराओं का किया उल्लेख

– इथोपिया पार्लियामेंट डिप्टी स्पीकर ने की भारत की लोकतांत्रिक परंपरा और सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता के बीच विकास गति की सराहना

नई दिल्ली, 15 मई (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने गुरुवार एक उच्चस्तरीय 41-सदस्यीय इथियोपियाई प्रतिनिधिमंडल से विशेष संवाद किया। यह प्रतिनिधिमंडल 12 से 17 मई तक राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (एनसीजीजी) द्वारा आयोजित “एक सप्ताहीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम” के अंतर्गत भारत यात्रा पर है।

इस प्रतिनिधिमंडल में इथियोपिया की यूनियन पार्लियामेंट की उपाध्यक्ष जहरा हुमेद, क्षेत्रीय विधानसभाओं के अध्यक्ष, राज्य मंत्री, विभागीय सचिव एवं सुरक्षा विभागों के प्रमुख शामिल है। दिल्ली विधान सभा परिसर में इस प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए अध्यक्ष ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, ऐतिहासिक विरासत एवं प्रौद्योगिकी आधारित नवाचारों की जानकारी दी।

विजेंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में भारत और इथियोपिया के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित करते हुए साझा परंपराओं जैसे समोसा और चाय का उल्लेख किया।

उन्होंने दिल्ली विधान सभा द्वारा अपनाई गई प्रमुख पहलों की जानकारी दी, जिसमें राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नेवा) के अंतर्गत पेपरलेस कार्यवाही, 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना—जिसके माध्यम से दिल्ली विधानसभा देश की पहली पूर्णतः सौर ऊर्जा चालित विधानसभा बनी—और डिजिटल पुस्तकालय जैसे नवाचार शामिल हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक-मंत्री सहभागिता तंत्र, जनशिक्षा को बढ़ावा देने हेतु लाइट एंड साउंड शो, और आजादी के आंदोलन से जुड़ी प्रस्तुतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार विधानसभा को एक जीवंत लोकतांत्रिक केंद्र एवं नागरिक जागरूकता के मंच में रूपांतरित किया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से इथोपिया पार्लियामेंट की डिप्टी स्पीकर जहरा हुमेद ने भारत की जीवंत लोकतांत्रिक परंपरा, मजबूत संस्थागत ढांचे और सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता के बीच विकास की गति की सराहना की। उन्होंने भारत-इथियोपिया के सांस्कृतिक जुड़ाव, खाद्य संस्कृति, भारतीय सिनेमा और इथियोपिया में भारतीय शिक्षकों के योगदान का उल्लेख किया। साथ ही ब्रिक्स+ की साझेदारी को मजबूती देने की बात कही। उन्होंने भारत को विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया और कहा कि इथियोपिया भी पूर्वी अफ्रीका की सबसे तेज़ी से उभरती अर्थव्यवस्था है।

अंत में इथियोपियाई प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली विधान सभा और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस संवाद को अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।

—————

Leave a Reply