News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Delhi

दिल्ली में पारा 40 डिग्री के पार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले दो दिन गर्मी से मिलेगी थोड़ी राहत

दिल्ली में पारा 40 डिग्री के पार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले दो दिन गर्मी से मिलेगी थोड़ी राहत

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। देश के ज्यादातर राज्यों में दिन के दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.6 डि्ग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 3-4 डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 16 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में भी चक्रवाती स्थितियां बनी हुई हैं। अगले कुछ दिनों में बंगाल, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बारिश की उम्मीद है। राजस्थान में 19 अप्रैल से हीटवेव खत्म होने जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार 17 और 18 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश की संभावना, 17 से लेकर 23 अप्रैल तक पूर्वोत्तर राज्यों में होगी जबरदस्त बारिश होने की संभावना है। 19 अप्रैल को राजस्थान और 18 अप्रैल को सौराष्ट्र और कच्छ में उष्ण लहर की स्थिति कम होने की संभावना है।

20 अप्रैल तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, जिसकी अधिकतम तीव्रता 18 और 19 अप्रैल को होगी। 18 से 20 अप्रैल, के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में गरज और बिजली के साथ बारिश और तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है।

शुक्रवार को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। सतह पर तेज हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जो कि 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी के साथ गरज, धूल भरी आंधी के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। यह हवाएं बढ़कर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। सतह पर स्थायी हवाएं 15-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

—————

Leave a Reply