पहलगाम आतंकी हमला देश की अस्मिता पर हमला, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : देवेंद्र यादव
पहलगाम आतंकी हमला देश की अस्मिता पर हमला, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा : देवेंद्र यादव
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह हमला देश की अस्मिता पर हमला है, जिसको बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसका मुंहतोड़ जबाव दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम बाहरी ताकतों के मंसूबों को कभी भी कामयाब नहीं होने देंगे। संकट के समय में हम सब देश के साथ है।
देवेंद्र यादव ने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि कश्मीर के पहलगाम में आंतकवादी हमला चिंताजनक और दिल दहलाने वाला है। आंतकवादियों के घातक हमले में इतनी बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी गई, जो बेहद पीड़ादायक और निदंनीय है। दिल्ली कांग्रेस ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति देने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य मिले, ऐसी प्रार्थना करती है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश एकजुट है। केंद्र और राज्य सरकार प्रभावित लोगों को तेजी से राहत प्रदान करने के लिए तत्काल कदम उठाए और मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए उपयुक्त वित्तीय मुआवजा भी देने की घोषणा करें।
देवेंद्र यादव ने कहा कि सुरक्षा बल जल्द से जल्द आतंकवादियों को पकड़ें, क्योंकि देश आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगा। आतंकी घटनाओं की पुनरावृत्ति में निर्दोष लोगों की जान जाना सुरक्षा के नजरिए से बहुत शर्मनाक है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र और जम्मू कश्मीर की सरकार को घाटी में स्थिति को सामान्य करने के लिए पूर्ण समन्वय के साथ काम करना चाहिए। आतंकवादी हमला न केवल पर्यटकों को घाटी से दूर कर रहा है, बल्कि कश्मीर के लाखों लोगों की आजीविका खत्म कर रहा है।
—————